सूरजपुर (वीएनएस)। कलेक्टर सभाकक्ष में कलेक्टर सुश्री इफ्फत आरा की अध्यक्षता में बंधक श्रमिक सर्वेक्षण हेतु सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने जिले में बंधक श्रमिक सर्वेक्षण के लिए माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा निर्देश पर जिले में बंधक श्रमिक सर्वेक्षण किए जाने पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान श्रम पदाधिकारी घनश्याम पाणिग्रही ने बताया कि बंधक श्रमिकों के सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरे जिले में कराया जाएगा। जिसमें सर्वेक्षण पुनर्वास एवं कल्याण शामिल है। विभिन्न विभागों के शासकीय अमलों का उपयोग करते हुए वृहद स्तर पर यह सर्वेक्षण एवं क्रियान्वयन किया जाना है। उन्होंने बंधक श्रमिक सर्वेक्षण की कार्य योजना, सर्वेक्षण के प्राथमिक क्षेत्र एवं प्रक्रिया के संबंध में व्यापक चर्चा किया। बैठक में समिति के सर्व सहमति से संरक्षण के लिए साक्षर भारत मिशन को एजेंसी चुना गया।
श्रम पदाधिकारी ने बताया कि साक्षर भारत के वॉलिंटियर्स के 50 से अधिक टीम द्वारा जिला स्तर पर सर्वेक्षण का कार्य किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, वरिष्ठ कोषालय अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, लीड बैंक अधिकारी, श्रम पदाधिकारी, सदस्य जालिम सिंह, कोर्राम, अधिवक्ता संघ से विनोद गुप्ता एवं विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।