धमतरी (वीएनएस)। त्रिस्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन 2022 के तहत धमतरी जिले में सरपंच और पंच के कुल 22 रिक्त पदों के लिए आगामी 28 जून को मतदान होना है। इनमें सरपंच के तीन और पंच के 19 रिक्त शामिल है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा इसके लिए कार्यक्रम जारी किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक निर्वाचन सूचना का प्रकाशन, नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करना, सीटों के आरक्षण के संबंध में सूचना का प्रकाश और मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन 03 जून को सुबह 10.30 बजे से किया जाएगा। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 09 जून की दोपहर तीन बजे तक तय की गई और नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 10 जून को दोपहर 10.30 बजे से की जाएगी।\
इसी तरह 13 जून की दोपहर तीन बजे तक अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि तय की गई। इसी दिन दोपहर तीन बजे के बाद निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर निर्वाचन प्रतीकों का आबंटन किया जाएगा और प्रतीक आबंटन के तुरंत बाद निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। यदि आवश्यक हो, तो 28 जून की सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा और मतदान समाप्ति के बाद मतदान केन्द्रों में मतगणना की जाएगी। यदि आवश्यक हो तो तहसील/खण्ड मुख्यालय पर 29 जून को दोपहर तीन बजे से मतगणना होगी। सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषण पंच, सरपंच/जनपद पंचायत सदस्य के लिए 30 जून को सुबह नौ बजे से खण्ड मुख्यालय में होगी।