बीजापुर (वीएनएस)। जिले में अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी अधिनियम 2006 एवं नियमों के प्रभावी तथा सुचारू क्रियान्वयन हेतु जिला स्तर और चिन्हीत अनुभाग स्तर पर वन अधिकार प्रकोष्ठ में जिला परियोजना समन्वयक एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ता के पूर्णतः अस्थायी एक-एक पद पर निश्चित मानदेय पर नियत अवधि के लिए नियुक्ति हेतु 13 जून तक आवेदन पत्र कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कलेक्टोरेट बीजापुर में आमंत्रित किया गया है। उक्त दोनों पद हेतु शैक्षणिक योग्यता किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से द्वितीय श्रेणी में स्नातक उपाधि होना चाहिए और कम्प्यूटर का साधारण ज्ञान होना चाहिए। वन अधिकार अधिनियम 2006 के क्रियान्वयन का न्यूनतम 3 वर्ष का मैदानी क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव हो, इस हेतु छत्तीसगढ़ राज्य में कार्यरत किसी शासकीय अथवा पंजीकृत अशासकीय संस्था का अनुभव प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा। अभ्यर्थी की आयु 1 जनवरी 2022 की स्थिति में 40 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिए। आवेदक छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना चाहिए। अभ्यर्थी को जनजातीय परंपराओं, रीति-रिवाजों एवं संस्कृति की सामान्य जानकारी होनी चाहिए। आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में प्रतिपूरित कर आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति स्वयं अभिप्रमाणित कर 13 जून तक कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कलेक्टोरेट बीजापुर में जमा किया जाना अनिवार्य है। आवेदन पत्रों के परीक्षण उपरांत सही पाये गये आवेदन पत्रों के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों को 20 से 27 जून के मध्य निर्धारित तिथि अनुसार साक्षात्कार हेतु आमंत्रित किया जायेगा। साक्षात्कार के दौरान शैक्षणिक, अनुभव एवं जाति-निवास संबन्धी प्रमाण पत्रों के मूल प्रतियां प्रस्तुत करना होगा। साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के मेरिट के आधार पर सफल अभ्यर्थियों की पदस्थापना की जायेगी। उक्त नियुक्ति संबन्धी आवेदन पत्र तथा विस्तृत जानकारी जिले की वेबसाईट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट बीजापुर डॉट जोओव्ही डॉट इन पर लॉगिन कर देखी जा सकती है।