सुसाइड के ख्याल से भारतीय टीम में वापसी तक, कुछ ऐसा रहा है दिनेश कार्तिक का सफर

Posted On:- 2022-06-01



नई दिल्ली (वीएनएस)। लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। हरिवंश राय बच्चन की ये लाइनें भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक पर बिल्कुल सटीक बैठती है। एक समय अपनी खराब फार्म के चलते टीम इंडिया से बाहर होने वाले कार्तिक ने फिर से टीम में वापसी की है।दिनेश कार्तिक का आईपीएल 2022 का सीजन शानदार रहा है। और यही वजह रही कि टीम इंडिया (Team India) में उनकी वापसी हो गई है।

दरअसल कार्तिक 1 जून यानि आज अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। आज के समय में दिनेश कार्तिक जिस ऊंचाई पर हैं। वहां तक पहुंचना कार्तिक के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। उनकी निजी जिंदगी काफी उथल-फुथल भरी रही। उनकी पहली पत्नी और उनके खास दोस्त तक ने उन्हें धोखा दिया, इस वजह से कार्तिक अपनी निजी जिंदगी से इतने परेशान हो गए थे कि सुसाइड करने के बारे में सोचने लगे थे। बाजीगर फ़िल्म का एक डॉयलाग है कि 'हार कर जीतने वाले को बाजीगर कहते हैं। कुछ ऐसा ही दिनेश कार्तिक के साथ भी है। एक वक्त ऐसा था कि पूरी दुनिया यह मान चुकी थी कि उनका क्रिकेट करियर अब खत्म हो गया है। लेकिन वो उठे और उतनी ही ताकत से उठे फिर साबित कर दिया कि उनके करियर का अस्त नहीं हुआ है।

कार्तिक बार-बार असफल हुए लेकिन हार कभी नहीं मानी। 2013 में हुए चैंपियनशिप ट्रॉफी और 2018 में हुए निदास ट्रॉफी में कार्तिक ने अपने बल्लेबाजी से कमाल तो दिखाया लेकिन जल्द ही आउट ऑफ फॉर्म हो गए। नतीजा रहा कि टीम इंडिया में उनकी राह मुश्किल हो गई। लेकिन उन्होंने दोबारा वापसी की और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सबको चौंका दिया। इसका नतीजा रहा कि आईपीएल 2022 के लिए आरसीबी ने उन्हें 5 करोड़ 50 लाख रुपए की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल कर लिया। पूरे आईपीएल 2022 सीजन में कार्तिक का बल्ला जमकर बरसा। यहां तक उन्हें सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन घोषित किया गया। फिर टीम इंडिया में उनकी वापसी भी हो गई।