जर्जर सड़क के निर्माण में हो रही लेटलतीफी, सांसद प्रतिनिधि ने सौंपा ज्ञापन

Posted On:- 2022-06-01



भैयाथान (वीएनएस)। डुमरिया से केवरा मार्ग वर्तमान में पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। जबकि सड़क को बनाने के लिए पैच कार्य करने के लिए कार्यादेश भी दिया जा चुका है। इसके बाद भी सड़क बनाने को लेकर अनदेखी की जा रही है। वहीं वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर जगह-जगह पर गड्ढे हो गए हैं। जिसकी वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। विगत एक साल से विभाग सहित आला अधिकारियों को भी पत्र लिखा गया लेकिन आज तक जर्जर सड़क का कार्य प्रारंभ नही हुआ।

बता दें कि डुमरिया से भैयाथान पहुंच मार्ग दूरी लगभग 17 किमी की हालत पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। उक्त मार्ग के खुटरापारा डबरीपारा, बांसपारा, भंवराही, सोनपुर, बजा केवरा में तो सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। गड्ढे में तब्दील सड़क की सुधारीकरण, चौड़ीकरण व उन्नतिकरण की मांग लोगों द्वारा लगातार किया जाता रहा है लेकिन लोक निर्माण विभाग मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर देता है। जबकि इस मार्ग से एक दर्जन से अधिक गांव जुड़े हुए हैं। साथ ही रोजाना सैकड़ों की संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। दर्जनों ग्राम के लोगों के आने जाने वाले यात्रियों के लिए यह सड़क मुख्य मानी जाती है। एक साल के अंतराल के बाद भी सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। यदि सड़क का सुधारीकरण हो जाए तो सोनपुर ,शिव प्रसादनगर,करौंदामुड़ा, भवराही, डबरी पारा, बांसापारा, गंगौटी, बजा,बड़सरा, केवरा सहित दर्जन भर गांवों की राह आसान हो जाएगी।

बांसपारा निवासी सौरभ साहू ने केवरा डुमरिया मार्ग के पेंच कार्य को बरसात पूर्व कराए जाने की मांग को लेकर बुधवार को पुनः ज्ञापन सौंपा है। एक वर्ष पूर्व से जर्जर सड़क को सुविधाजनक बनाए जाने हेतु कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं।