स्वर्ण मंदिर में 5 जून तक प्रदर्शित होगी गुरु ग्रंथ साहिब की क्षतिग्रस्त प्रति

Posted On:- 2022-06-02



अमृतसर (वीएनएस)। गुरु ग्रंथ साहिब की उस प्रति को बृहस्पतिवार से चार दिनों के लिए सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा, जिसमें स्वर्ण मंदिर में 1984 में ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान गोली लगी थी। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि पवित्र 'सरूप' (ग्रंथ) को दो जून से पांच जून तक प्रदर्शित किया जाएगा।

सेना द्वारा जून 1984 में स्वर्ण मंदिर परिसर से आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए ऑपरेशन ब्लू स्टार चलाया गया था। पवित्र 'सरूप' को पिछले साल पहली बार प्रदर्शित किया गया था। धामी ने कहा, 'जून 1984 में सचखंड श्री हरमंदिर साहिब और श्री अकाल तख्त साहिब पर सेना की कार्रवाई सिख मानस का एक चिरस्थायी हिस्सा बन गई है और हर साल जून महीने की शुरुआत के साथ, सिख कौम के ये घाव ताजा होने लगते हैं।'

उन्होंने कहा कि यह पवित्र 'सरूप' दो से पांच जून तक श्री अकाल तख्त साहिब के पास गुरुद्वारा शहीद बाबा गुरबख्श सिंह में सजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन चार दिनों के दौरान 'संगत' (सिख समुदाय) को पवित्र 'सरूप' की एक झलक पाने का अवसर मिलेगा।