कश्मीर में एक और नागरिक को आतंकियों ने बनाया निशाना, राजस्थान निवासी बैंक मैनेजर की मौत

Posted On:- 2022-06-02



श्रीनगर (वीएनएस)।  : जम्मू-कश्मीर प्रशासन व पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा को यकीनी बनाने के दिए जा रहे दावों के बीच आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के आरेह इलाके में अब एक बैंक मैनेजर को निशाना बनाया है। कुलगाम में इलाकाही देहाती बैंक शाखा के बैंक प्रबंधक पर गुरुवार की  सुबह आरेह इलाके में आतंकवादियों ने गोली चला दी। इस हमले में बैंक मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया परंतु इलाज के दौरान उसे दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान विजय कुमार के तौर पर हुई है। वह हनुमानगढ़ राजस्थान का रहने वाला था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कुलगाम में मोहनपोरा ब्रांच में मैनेजर के तौर पर नियुक्त विजय कुमार जब अपने घर से निकले तो अचानक से कुछ संदिग्ध हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दी। इससे पहले कि लाेग वहां इकट्ठा होते आतंकवादी वहां से फरार हो गए। आरेह इलाकेे के लोगों ने तुरंत घायल विजय कुमार को उठाया और पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल कुलगाम पहुंचाया। इससे पहले की डॉक्टर उनका इलाज शुरू करते, बैंक मैनेजर ने दम तोड़ दिया।