धमतरी में आचार संहिता लागू, कलेक्टर ने जारी किया आदेश...

Posted On:- 2022-06-02



बिना अनुमति अधिकारी-कर्मचारी नहीं ले सकते अवकाश

धमतरी (वीएनएस)। त्रिस्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन 2022 के तहत जिले की चारों जनपद पंचायतों में रिक्त पदों पर उप निर्वाचन होना है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) पीएस एल्मा ने उक्त होने वाले उप निर्वाचन को ध्यान में रख जिले में पदस्थ सभी अधिकारी, कर्मचारियों को आदेशित किया है कि वे उनकी पूर्वानुमति के बिना ना तो अवकाश पर प्रस्थान करेंगे और ना ही मुख्यालय छोड़ेंगे। साथ ही यह भी आदेशित किया गया है कि अवकाश के दिनों में भी निर्वाचन से संबंधित आदेशांे/पत्रों को प्राप्त करने के लिए कार्यालय को खुला रखेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी पर्यन्त लागू

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 2022 सम्पन्न कराने के लिए चुनाव प्रचार-प्रसार हेतु राजनैतिक दलों द्वारा जिले की ऐसी ग्राम पंचायत जहां आगामी 28 जून को उप निर्वाचन सम्पन्न होना है, में जुलूस, रैली एवं आमसभाओं का आयोजन किया जाएगा। उक्त क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी.एस. एल्मा ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा-144 प्रभावी करने का आदेश जारी किया है।

जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि इस दौरान आम व्यक्ति के लाठी, हथियार इत्यादि लेकर शामिल होने की आशंका बनी रहेगी। इस तरह के आयोजन में उक्त क्षेत्र में भीड़ जमा हो सकती है तथा प्रचार-प्रसार के दौरान विभिन्न राजनैतिक दलों द्वारा रैलियों/जुलूसों के दौरान आपस में बलवा, दंगे एवं मारपीट कर शांति भंग करने की प्रबल संभावनाएं बन सकती हैं, जिससे शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 जा.फौ. लगाना आवश्यक हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने भी चुनाव के परिप्रेक्ष्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश समय समय पर जारी किए हैं। इसे दृष्टिगत करते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री एल्मा ने दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144(ं1) के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए आदेश पारित किया है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति संबंधित जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत और ग्राम पंचायत के वार्डों में जहां उप निर्वाचन होना है, में सार्वजनिक स्थल, जुलूस या रैली तथा आमसभा के दौरान किसी भी प्रकार का शस्त्र-लाठी, बल्लम, तलवार, रॉड, चैन एवं अन्य हथियार अपने साथ लेकर नहीं चलेगा और ना ही रखेगा। यह आदेश जिला दण्डाधिकारी द्वारा धमतरी जिले के चारों जनपद पंचायत क्षेत्र की उन ग्राम पंचायतों में जहां, उप निर्वाचन होना है की सीमाओं में यथास्थिति जन साधारण पर लागू माना जाएगा, किन्तु यह आदेश कर्तव्य पर कार्यरत शासकीय कर्मचारियों और ऐसे व्यक्तियों पर लागू नहीं होगा, जो हथियार धारण करने की मान्यता रखते हैं। यह आदेश दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 की उपधारा (2) के अंतर्गत 30 जून 2022 तक प्रभावशील रहेगा।

ज्ञात हो कि जिले में 03 सरपंच और 21 पंच के रिक्त पदों पर उप चुनाव 28 जून को सम्पन्न होगा। इसमें धमतरी विकासखण्ड में ग्राम पंचायत सिवनीखुर्द में सरपंच और वार्ड क्रमांक 07 में पंच, भानपुरी के वार्ड क्रमांक 18, बेन्द्रानवागांव और बरारी दोनों ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 01 में पंच के रिक्त पद पर उप निर्वाचन होगा। इसी तरह विकासखण्ड कुरूद में ग्राम पंचायत सिलघट में सरपंच, सरबदा के वार्ड क्रमांक 02, जोरातराई न. के वार्ड 5, चोरभट्टी के वार्ड 6, जीजामगांव के वार्ड 10, सिर्री के वार्ड 7 और 10 तथा परखंदा के वार्ड 9 में पंच के रिक्त पदों पर उप निर्वाचन होगा। मगरलोड विकासखण्ड में परसाबुड़ा के वार्ड 9 और मेघा के वार्ड 3 में पंच के रिक्त पद पर उप निर्वाचन होगा। इसी तरह नगरी विकासखण्ड में ग्राम पंचायत करही में सरपंच और कोलियारी के वार्ड क्रमांक 6, बिलभदर के वार्ड 9, लटियारा के वार्ड 9, बोराई के वार्ड 13, आमगांव के वार्ड 6, बिरगुड़ी के वार्ड 16, भीतररास के वार्ड 10 और बांसपानी के वार्ड 12 में रिक्त पंच पद के उप निर्वाचन होगा।

धमतरी जिले के तहत जनपद पंचायतों की जिन ग्राम पंचायतों में उप निर्वाचन होना है, में तीव्र संगीत, ध्वनि विस्तारक यंत्र तथा कोलाहल को प्रतिबंधित करना लोकहित में आवश्यक है। इसी तारतम्य में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी.एस.एल्मा ने छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम 1985 की धारा 10 (2) के तहत प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग में लाते हुए सभी प्रकार का तीव्र संगीत, ध्वनि विस्तारक यंत्र, मोटरयान के विद्युत हॉर्न से उत्पन्न होने वाले कोलाहल, जिससे सामान्य पैदल चलने वाला व्यक्ति घबरा जाए अथवा जिसे सुनकर क्षोभ या संत्रास कारित हो, को उन समस्त ग्राम पंचायतों में जहां उप निर्वाचन होना है, में प्रतिबंधित किया है।

निर्वाचन प्रयोजनों के लिए निर्वाचन अवधि के दौरान सुबह 6 से लेकर रात्रि 10 बजे तक चारों जनपद पंचायतों की उन ग्राम पंचायतों में ध्वनि विस्तारक यंत्र लाउड स्पीकर इत्यादि के प्रयोग की अनुमति के लिए शर्तें निर्धारित की गई हैं। इसके तहत उक्त समयावधि में किसी भी प्रकार का ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग तभी किया जा सकेगा, जब उससे छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देश का कोई उल्लंघन ना होता हो। साथ ही चलित वाहन में ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग आयोग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप एवं आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा पर ही किया जा सकेगा। यह प्रतिबंध धारा-13 के तहत जिन्हें कानून द्वारा छूट प्रदान की गई है, उन पर लागू नहीं होगा। इस आदेश द्वारा लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करते पाए जाने पर उक्त अधिनियम की धारा 16 (1) के प्रावधान के अनुसार कोई पुलिस अधिकारी, जो हेड कान्स्टेबल के पद से कम संवर्ग का न हो, उस ध्वनि विस्तारक यंत्र को जब्त करके कार्रवाई कर सकेगा। यह आदेश तत्काल प्रवृत्त होगा एवं आगामी 30 जून तक प्रभावशील रहेगा।