
नारायणपुर (वीएनएस)। शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में आजादी के अमृत महोत्सव 75 वर्ष पूर्ण होने के 3 जून को विश्व साइकिल दिवस पर साइकिल रैली का आयोजन कोविड दिशा निर्देशों का पालन करते हुए किया गया। कार्यक्रम में लोगों को स्वास्थ्य जीवन एवं सेहतमंद भविष्य के लिए जागरूकता का संदेश देते हुए रैली निकाली गई। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने खुद को समाज व देश के लिए स्वस्थ भविष्य का निर्माण करने फिट इंडिया फ्रीडम राइडर को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। साइकिल रैली निकालकर लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण तैयार करने हेतु संदेश दिया गया। इस जागरूकता रैली का आयोजन महाविद्यालय परिसर से शहीद देवनाथ पुजारी चौक तक किया गया।
महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी (राष्ट्रीय सेवा योजना) बी. डी. चांडक ने साइकिल दिवस का मुख्य उद्देश्य एवं साइकलिंग के फायदे के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से मांसपेशियों की ताकत और लचीलेपन में वृद्धि होने के साथ-साथ तनाव को कम करने में भी सहायता मिलती है। कोरोना महामारी आने के बाद से लोगों के बीच अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ी है। कन्या महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक किशोर कुमार कोठारी ने कहा कि साइकिल चलाना केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी काफी फायदेमंद है, यह बेहतर एक्सरसाइज है। यह हृदय रक्त कोशिकाओं और फेफड़ों को स्वस्थ रखने में मदद करती है, रोजाना आधा घंटा साइकिल चलाने से पेट की चर्बी कम होती है और फिटनेस बरकरार रहती है, शरीर की मांसपेशियों को हेल्दी और मजबूत बनाती है, साइकिल चलाने से इम्यून सिस्टम ठीक तरीके से काम करता है, थकान की वजह से अच्छी नींद लाने में मदद करती है, तनाव के स्तर और डिप्रेशन को भी कम करती है, साइकिलिंग करके एक्स्ट्रा कैलोरी को बहुत ही आसानी से बर्न किया जा सकता है। स्वास्थ्य के साथ-साथ साइकिल आपके पैसे बचाने का काम भी करती है। एनएसएस के स्वयंसेवकों ने साइकिल रैली के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया । इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त अधिकारी कर्मचारी एवं स्वयंसेवक छात्र छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दिए।