
दन्तेवाड़ा (वीएनएस)। दंतेवाड़ा जिला देश के उन आकांक्षी जिलों में शामिल है, जो देश के दूसरे विकसित जिलों के साथ सरपट दौड़ लगाना चाहता है। जिले को तरक्की की राह में आगे ले जाने में इस यहां की महिला समूह की महिलाओं का योगदान भी किसी से कम नहीं है। दंतेवाड़ा की सड़कों में ई-रिक्शा से सरपट दौड़कर यात्रियों को अपनी मंजिलो तक पहुंचाने वाली यहां की महिलाओं की प्रशंसा पूरा राज्य कर रहा हैं। तेजी से तरक्की की राह पर दंतेवाड़ा को आगे बढ़ा रही यहां की महिलाएं स्वस्थ रहें और अपनी पूरी ऊर्जा से अपने कार्य पर डटी रहें। इन महिलाओं को लाइसेंस और वाहन चालक का प्रशिक्षण कौशल विकास उन्नयन विभाग द्वारा दिया गया है। पिछले दिनों जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा के द्वारा सरस्वती महिला स्व सहायता समूह छिंदनार,नदी पार पंचायत चेरपाल के नाग महिला स्व सहायता समूह, मां जगदंबा महिला स्व सहायता समूह ग्राम पंचायत कोर्लापाल तथा नदी पार पंचायत पदमेटा के देवी मुर्गी कोला स्व सहायता समूह को ई रिक्शा प्रदान किया गया। जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा ने जिले में ई-रिक्शा संचालन करने वाले महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके की इन महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई मिसाल पेश की है। इन महिलाओं ने ई-रिक्शा संचालित कर जहाँ अंदरूनी गांवों के लोगों को आवागमन सुलभ करा रही हैं। वहीं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नया संदेश दे रही हैं।