आंगनबाड़ी जा रहे मासूम को हाईवा ने बेदर्दी से कुचला

Posted On:- 2022-06-03



धमतरी (वीएनएस )। अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत आमदी नगर में पॉवर हाउस के पास रेत से भरे हाईवा ने आंगनबाड़ी पढऩे जा रहे 4 वर्षीय मासूम को कुचल दिया। घटना के बाद आक्रोशित नागरिकोंं ने वहीं चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अर्जुनी पुलिस के साथ यातायात की टीम पहुंची। नागरिकों की मांग है कि हाईवा को दिन में बंद रखा जाये।

मिली जानकारी के अनुसार लिकेश कुमार साहू 4 वर्ष पिता संतोष साहू आंगनबाड़ी जा रहा था। तभी रेत से भरी हाईवा ने उसे चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयानक था कि बच्चे का सर धड़ से अलग हो गया। जिससे मौके पर ही बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही नागरिकों ने आक्रोशित होकर चक्काजाम शुरू कर दिया । कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण रहा। अर्जुनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। लगभग डेढ़ घंटे बाद रोड क्लियर किया गया। नागरिकों की मांग है कि रात में ही हाईवा को चलाया जाए,दिन में बंद रखा जाए। ताकि लोग सुरक्षित रह सकें। अर्जुनी थाना प्रभारी गगन बाजपेयी ने बताया कि लिकेश कुमार साहू की हाईवा की चपेट में आने से मौत हो गई। हाईवा क्रमांक सीजी 05 डी 1098 को जप्त कर चालक उदय लाल साहू के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। हाईवा मालिक धमतरी के ही हैं।