उत्तर प्रदेश 21वीं सदी में भारत की विकास गाथा को गति देगा : मोदी

Posted On:- 2022-06-04



नई दिल्ली (वीएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट के तीसरे ग्राउंड-ब्रेकिंग समारोह में 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक की एक हजार 406 परियोजनाओं की आधारशिला रखी। यह परियोजनाएं--कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, विनिर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा, फार्मास्‍यूटिकल, पर्यटन, रक्षा, एयरोस्पेस, और कपड़ा जैसे विविध क्षेत्रों की हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि निवेशकों ने उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति में विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि इस समारोह में रिकॉर्ड निवेश से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे जिससे राज्‍य के युवाओं को सबसे ज्यादा फायदा होगा। एन.डी.ए. सरकार की पिछले आठ वर्ष की उपलब्धियों के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतियों में स्थिरता और व्यापार में सुगमता ने देश को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश में परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की एक नई संस्कृति विकसित हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत 20 देशों के समूह में सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था और तीसरे सबसे अधिक ऊर्जा उपयोग करने वाले देश के रूप में उभरा है। उत्तर प्रदेश में संभावनाओं की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था ने राज्य में निवेश के लिए उपयुक्‍त माहौल तैयार किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निवेशकों को आश्वासन दिया कि उनका निवेश न केवल उत्‍तर प्रदेश में सुरक्षित रहेगा, बल्कि उन्हें सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों का भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के पिछले कार्यकाल में राज्य में बेरोजगारी दर 18 प्रतिशत से घटकर करीब तीन प्रतिशत रह गई है।