दो बहनों ने मिलकर चचेरी बहन को पीटा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम...

Posted On:- 2022-06-04



उदयपुर (वीएनएस)। उदयपुर थाना से 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम पंडरीपानी में दो बहनों ने मिलकर अपनी चचेरी बहन को जमकर पीटा। घटना के बाद अस्पताल लाने के दौरान 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई।

ग्राम पंडरीपानी की 18 वर्षीय कुसुम साहू पिता सोमारू साहू सुबह 10 से 11 बजे के बीच नहाने और पानी लेने के लिए पुराना आंगनबाड़ी भवन के समीप हैंड पंप गई थी। वहां पर बृजमोहन साहू की लड़कियां सुनीता और सुशीला पहले से मौजूद थी। किसी बात को लेकर दोनों ही बहनें कुसुम के ऊपर टूट पड़ी और बाल खींचकर उसे मारने लगी। उसके सिर को दीवाल पर दे मारा तथा गला को जमकर दबाने लगे।

इस दौरान देखने वालों की काफी भीड़ लग गई, गांव के कुछ लोगों द्वारा बीच-बचाव किया जाने लगा कुसुम के पिता भी इस दौरान वहां पहुंच चुके थे बीच-बचाव के बाद कुसुम को उसके परिजन घर लेकर चले गए। कुछ देर बाद गंभीर स्थिति में कुसुम को घर से बाहर निकाला गया घटना की सूचना पर 108 की टीम मौके पर ईएमटी शक्ति प्रताप सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची तथा गंभीर अवस्था में कुसुम को लेकर सीएचसी उदयपुर आए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है मृतिका के पिता सोमारू साहू ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप सुनीता और सुशीला पर लगाया है।

घटना में दूसरा पहलू यह सामने उभर कर आ रहा है कि दुर्घटना के बाद लड़की घर में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या की है घटना स्थल से सूसाइड नोट भी बरामद होने की बात कहीं जा रही है। बहरहाल मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।

घटना के मामले में उदयपुर पुलिस थाना प्रभारी धीरेंद्र नाथ दुबे उप निरीक्षक समरेंद्र सिंह के नेतृत्व में इस बात की तस्दीक में लगी हुई है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का इस पर पुलिस की विवेचना जारी है।