
नारायणपुर (वीएनएस)। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप किसानों के खेतों में सुविधाजनक ढंग से फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी पहुंचाने और जल संरक्षण की दिशा में विशेष पहल करने के प्रयास नारायणपुर जिले में किए जा रहे हैं। कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी के मार्गदर्शन एवम निर्देश पर सिंचाई विभाग द्वारा जिले में स्टाप डेम मरम्मत के साथ साथ नाली निमार्ण के कार्य भी संपादित किए जा रहे हैं। आसन्न मानसून को देखते हुए इन कार्यों को तेजी से पूरा करने का प्रयास विभागीय अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने सीईओ देवेश कुमार ध्रुव के साथ पालकी स्टाप डेम बिजली कैनाल कार्य के साथ -साथ सिरपुर जलाशय का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा की इन कार्यों को समय सीमा में पूरा करें, इसके लिए उन्होंने सिंचाई विभाग के कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि स्टाप डेम और जलाशय के पानी का उपयोग किसानों के फसल के लिए हो सके ,इसके लिए फील्ड चौनल भी खेतों में बनाए जाएं। इसके लिए उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की निर्देशित किया। उन्होंने आगे कहा कि जिले में निर्मित सभी स्टाप डेम में पर्याप्त जल भराव हो, इसके लिए खड़े शटर सभी में बरसात के पहले ही व्यवस्थित कर दिए जाएं। इस संबंध में उन्होंने सिंचाई विभाग के कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों के खेतों में सिंचाई सुविधा बढ़ाकर एक फसल से दो फसलों में उनके खेतों को तब्दील करना,और उनकी आमदनी बढ़ाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना प्रमुख लक्ष्य है। इस अवसर पर सिंचाई विभाग कार्यपालन अभियंता अजय चौधरी, जनपद पंचायत नारायणपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी घनश्याम जांगडे सहित अन्य अधिकार उपस्थित थे।