रायपुर (वीएनएस)। अग्रसेन महाविद्यालय में चल रही ग्रीष्मकालीन कक्षाओं के साथ साथ हर हफ्ते विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज पोस्टर मेकिंग स्पर्धा का आयोजन किया गया। इस स्पर्धा में पर्यावरण संरक्षण के थीम पर सभी प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक पोस्टर बनाये। धरती को बचाने से लेकर जल स्रोतों को सुरक्षित रखने तथा हवा मिटटी और पर्यावरण से सम्बंधित विभिन्न संदेशों को उभारने वाले पोस्टरों के जरिये प्रतिभागियों ने अपना सन्देश स्पष्ट रूप से रेखांकित किया। रंग संयोजन और विषय की प्रस्तुति के आधार निर्णायकगण प्रो. विकास शर्मा तथा प्रो विभाष कुमार झा ने हिमांशु बघेल को विजेता और दशरथ दास को उपविजेता घोषित किया. विजेताओं को आगामी समारोह में पुरस्कार भी दिए जायेंगे।
इस आयोजन के सम्बन्ध में महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. वी.के. अग्रवाल ने कहा कि अग्रसेन महाविद्यालय उभरती प्रतिभाओं को तराशने में हमेशा से ही समर्पित रहा है। प्राचार्य डॉ. युलेंद्र कुमार राजपूत ने कहा कि महाविद्यालय ने अध्ययन- अध्यापन के साथ ही रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास निरंतर किया जाता है। महाविद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर प्रो. अमित अग्रवाल ने कहा कि ग्रीष्मकालीन कक्षाओं के जरिये युवाओं को छुट्टी के समय का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाता है। इस पहल को सभी वर्गों से सराहना मिल रही है। इस कड़ी में आगामीग्यारह जून को "बेस्ट आउट ऑफ़ वेस्ट" स्पर्धा का आयोजन होगा।