रायपुर/कांकेर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री बघेल ने रविवार, 5 जून को कांकेर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में बिलासपुर-भोपाल विमान सेवा का शुभारम्भ किया तथा गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को राशि का अंतरण किया।
मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान कांकेर में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया, संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी, अंतागढ़ विधायक अनूप नाग, मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी भी उपस्थित थे। वहीं कृषि मंत्री रविंद्र चौबे कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़े। मुख्यमंत्री बघेल ने बटन दबाकर गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों के खातों में राशि का अंतरण किया। मुख्यमंत्री ने कांकेर से ही गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को 15.37 करोड़ की राशि का ऑनलाइन भुगतान किया।
मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यक्रम में कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना और गोधन न्याय योजना के अंतर्गत संबंधित को राशि का वितरण समय से किया गया। कोरोना काल में भी हमने ये सिलसिला टूटने नहीं दिया। इस समय मैं पूरे प्रदेश का लगातार दौरा कर रहा हूं, हम शासन का कामकाज भी सुचारू रूप से कर रहे हैं, और हितग्राहियों को भुगतान भी समय पर हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इस कार्यक्रम के माध्यम के 15 करोड़ 37 लाख रुपए की राशि का अंतरण किया जा रहा है। इसमें 3 करोड़ 36 लाख रुपए गोबर खरीदी की, और 12 करोड़ 01 लाख रुपए गोठान समितियों और स्व सहायता समूहों के लाभांश की राशि शामिल है। भेंट मुलाकात कार्यक्रम में अभी तक जहां भी गया हूं, वहां गोधन न्याय योजना को लेकर हमारे पशु-पालक भाईयों, किसानों, स्व सहायता समूहों और गोठान समितियों में अच्छा उत्साह नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना से हमारे ग्रामीण भाइयों की आय बढ़ने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। हमारी माताओं-बहनों को नयी आर्थिक ताकत मिली है।
इसके बाद मुख्यमंत्री बघेल ने बिलासपुर से भोपाल के लिए विमान सेवा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री बघेल ने चकरभाठा स्थित बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल होकर विमान सेवा को हरी झण्डी दिखाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने की। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर-भोपाल-बिलासपुर विमान सेवा के शुरू होने पर बिलासपुर सहित प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई सेवा का लाभ पूरे छत्तीसगढ़ को मिलेगा। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में हवाई सेवा मजबूत होगी। बिलासपुर एयरपोर्ट से शुरू होने वाली यह दूसरी फ्लाइट है इसके पहले 01 मार्च 2021 से दिल्ली-जबलपुर-बिलासपुर-प्रयागराज सेक्टर में नियमित घरेलू विमान सेवा की शुरूआत की गई है। बिलासपुर-भोपाल फ्लाइट से आज 50 यात्री रवाना हुए।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा साढ़े तीन साल पहले तक हवाई सेवा के नाम पर सिर्फ रायपुर को ही जाना जाता था। लेकिन आज बिलासपुर और जगदलपुर से भी नियमित हवाई सेवा का संचालन हो रहा है। इस नई सेवा का लाभ पूरे छत्तीसगढ़ को मिलेगा। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में हवाई सेवा मजबूत होगी।
प्रदेश में नई हवाई सेवाओं को शुरू करने के लिए किए जा रहे हैं हरसंभव प्रयास: भूपेश बघेल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में जगदलपुर और बिलासपुर एयरपोर्ट से नियमित विमान सेवाएं शुरू हुई हैं। अम्बिकापुर में 43 करोड़ रूपए की लागत से एयरपोर्ट रनवे का विकास किया जा रहा है। कोरबा में व्यावसायिक एयरपोर्ट के साथ कोरिया में नई हवाई पट्टी के विकास की योजना पर काम हो रहा है। वहीं मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर से सितम्बर 2021 से जगदलपुर-हैदराबाद-बेंगलूरू सेक्टर में नियमित घरेलू विमान सेवा का संचालन हो रहा है।