
नई दिल्ली (वीएनएस)। भारत ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पेट्रोल में 10 प्रतिशत इथेनॉल ब्लेंडिंग के लक्ष्य को हासिल कर लिया है। भारत ने यह लक्ष्य तय समय से पांच महीने पहले ही हासिल कर लिया है। इस बात की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित सेव सॉइल कार्यक्रम में कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि विदेशों पर पेट्रोल की निर्भरता को कम करने के साथ घातक उत्सर्जन को कम करने के लिहाज से इथेनॉल के इस्तेमाल को मंजूरी दी गई थी। 2014 में पेट्रोल में महज 1.5 प्रतिशत इथेनॉल की ब्लेंडिंग हुआ करती थी, जिसे धीरे-धीरे बढ़ाते हुए अब 10 प्रतिशत तक पहुंचाया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के साथ कॉर्बन उत्सर्जन में 27 लाख टन की कमी हुई है। 41 हजार करोड़ रुपए के विदेश मुद्रा की बचत के अलावा किसानों को 40,600 करोड़ रुपए बीते आठ सालों में प्राप्त हुए हैं।