अंबिकापुर (वीएनएस)। विश्व पर्यावरण दिवस पर अंबिकापुर विधायक व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरगुजा जिला प्रभारी एवं प्रदेश संगठन मंत्री डीपी यादव के नेतृत्व में जिला अध्यक्ष कुंज बिहारी सिंह प्रदेश, सह कोषाध्यक्ष साकेत त्रिपाठी, सरगुजा जिला यूथ अध्यक्ष हारून सिद्धकी, सरगुजा जिला यूथ सचिव रवि पाठक तथा सोशल मीडिया प्रभारी अब्दुल व अन्य के साथ मंत्री टीएस सिंह देव को उनके निवास स्थान पर अमरूद का पौधा भेंट किया। कार्यकर्ताओं ने उनसे हसदेव क्षेत्र में साल के 100 साल पुराने वृक्षों की कटाई को रोकने के लिए कहा, क्योंकि हसदेव क्षेत्र में मूल निवासियों का स्थान है और मूल निवासियों के आजीविका का मुख्य साधन जंगल है, जिसे राज्य सरकार कटवा रही है। ग्रामीणों के विरोध के बावजूद शासन प्रशासन पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। मंत्री सिंह देव ने कहा कि हम भी प्रकृति प्रेमी हैं और हम भी पर्यावरण को बचाना चाहते हैं और कल हम जहां पेड़ों की कटाई हो रही है हसदेव क्षेत्र में वहां मौके पर जाएंगे और ग्रामीणों से चर्चा करेंगे और पेड़ों की कटाई को रोकने के लिए हर संभव मदद होगा उसको हम करेंगे।