घरघोड़ा तमनार में बैंक खोलने की मांग, किसान कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

Posted On:- 2022-06-06



रायगढ़ (वीएनएस)। छ. ग. सहकारिता मर्यादित बैंक (अपेक्सबैंक) के अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर का रायगढ़ आगमन सोमवार को हुआ, जिसमें जिला किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजा शर्मा एवं किसान कांग्रेस के जिला पदाधिकारियों द्वारा घरघोड़ा एवं तमनार में अपेक्स बैंक शाखा खोले जाने के लिए ज्ञापन सौंपा है। साथ ही जिले के किसानों की समस्या तथा समस्या का निवारण के लिए बैजनाथ चंद्राकर द्वारा आश्वासन दिया गया तथा किसानों की समस्या को अवगत कराते हुए रायगढ़ जिला अध्यक्ष राजा शर्मा ने बताया कि अपेक्स बैंक रायगढ़ शाखा में घरघोड़ा एवं तमनार के किसानों के साथ बैंक के कर्मचारी तथा सुरक्षा गार्ड द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है तथा अवैध उगाही भी की जाती है।

चंद्राकर ने आश्वस्त किया है कि जल्द से जल्द इन पर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही चंद्राकर ने यह भी बताया कि भूपेश सरकार किसान हितैषी सरकार है, इसमें किसी भी किसानों को तकलीफ या समस्या नहीं होने दी जाएगी तथा किसानों के हित में सरकार ने कई जनकल्याणकारी निर्णय लिए हैं। जिसका लाभ छत्तीसगढ़ के किसानों को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ मॉडल पर आने वाले अन्य प्रदेशों में भी विधानसभा के चुनाव लड़े जाएंगे।

रायगढ़ जिला की सहकारिता बैठक में पधारे बैजनाथ चंद्राकर का किसान कांग्रेस ने जोरदार अभिनंदन एवं स्वागत किया। जिसमें मुख्य रुप से जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष राजा शर्मा, किसान कांग्रेस प्रभारी महामंत्री प्रदीप चौहान, महामंत्री जगदीश चौहान, प्रवक्ता मनोज चौहान, घरघोड़ा किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कृपासिंधु पटेल, सरपंच रोहित महंत, आशीष जायसवाल, सनी साहू, जिला सचिव विशेशर राठिया आदि संख्या में रायगढ़ जिला किसान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।