
खरसिया (वीएनएस)। रविवार को रायगढ़ जिला के प्रतिष्ठित शिक्षाविद एवं साहित्य सर्जक पूर्व जिला शिक्षाधिकारी स्व. अक्षयकुमार पाण्डेय की जयंती पर छत्तीसगढ़ स्तरीय अक्षय शिक्षा अलंकरण समारोह का आयोजन होटल अंश इन्टरनेशनल रायगढ़ में संपन्न हुआ। जिसमें पूरे छत्तीसगढ़ के चयनित शिक्षकों को अक्षय शिक्षा अलंकरण से सम्मानित किया गया।
विदित हो कि वर्ष 2020 एवं 2021 में कोरोना काल की वजह से यह कार्यक्रम संपन्न नहीं पाया था। अतः इस वर्ष 2020 से 2022 तक 3 वर्ष का संयुक्त अलंकरण समारोह एक साथ संपन्न हुआ। अक्षय शिक्षा अलंकरण समारोह में प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र में नवाचार कर शासकीय विद्यालयों में बेहतर परिणाम देने वाले चयनित शिक्षकों का सम्मान किया गया। जिसमें जैमूरा मिडिल स्कूल के शिक्षक रामकुमार पटेल को अक्षय शिक्षा अलंकरण से विभूषित किया गया।
रामकुमार पटेल एक शिक्षक ही नहीं वरन् एक संपूर्ण शिक्षक के रूप में क्षेत्र में प्रसिद्ध हैं। इन्होंने अपना पूरा जीवन ही शिक्षा को समर्पित किया है और इनके शिष्य जहां-तहां इंजीनियर एवं बड़े बड़े अधिकारी बनकर आगे बढ़ रहे हैं। 1983 से ही मिडिल स्कूल जैमूरा में पदस्थ रामकुमार पटेल ने अपने स्कूल में भारत माता का नक्शा बनवाया है और बाहर से जल की आपूर्ति कर स्कूल परिसर में किचन गार्डन तथा 5 नलों का संचालन कर रहे हैं। कोरोना काल में जब ऑनलाइन क्लास होती थी, तब भी यह पुरस्कृत हुए हैं और इन्होंने बेस्ट मोमेंट अहा-क्षण में प्रदेश स्तर में अपना नाम रोशन किया है। कुटुंब ऐप, एडिटर एप एवं नवाचार से शिक्षा तथा कबाड़ से जुगाड़ के कार्यक्रम में रामकुमार पटेल अनेकों बार पुरस्कृत भी हो चुके हैं। अक्षय शिक्षा अलंकरण से विभूषित पटेल जी का कहना है कि उनके शिष्य हमेशा ओपी चौधरी की तरह आगे बढ़ें, यही उनका सर्वश्रेष्ठ सम्मान होगा।