रायपुर (वीएनएस)। मनरेगा कर्मी और संविदा विद्युतकर्मी की हड़ताल को लेकर पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सरकार को आड़े हाथ लेते हुए मनरेगा और संविदा विद्युतकर्मी की हड़ताल को समर्थन दिया है। साथ ही यह भी कहा कि सरकार के कार्यों से कोई भी वर्ग खुश नहीं है।
पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कोई भी वर्ग खुश नहीं है। एक के बाद एक सभी हड़ताल कर रहे हैं। ऐसे में सरकार जो है दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण संविदा कर्मचारी और किसान हैं।
उन्होंने कहा, सरकार को फुर्सत नहीं है कि आंदोलनकारियों से बात जल्द करें। उनको बुलाकर उनसे चर्चा करें. छत्तीसगढ़ में मनरेगा का काम बंद है। विद्युत कर्मचारी हड़ताल में थे। स्कूल खुलने वाला है और सफाईकर्मी हड़ताल में हैं। स्कूलों में साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं हो रही है। इधर मितानिन लोग हड़ताल में है, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आंदोलन कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने सरकारी कर्मचारियों का डीए बढ़ाकर 36 फीसदी कर दिया है, लेकिन राज्य में 24 फीसदी है।
विधायक अग्रवाल ने यह भी कहा कि, कमेटी बनाकर सिर्फ आंदोलन को खत्म करने की कोशिश की जाती है। प्रदेश सरकार दो तरह से काम कर रही है. पहले तो केंद्र सरकार को चिट्ठी लिख रही है, दूसरा कमेटी गठित तार गुमराह कर रही है।