राजनांदगांव (वीएनएस)। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी लोकेश चंद्राकर ने आज कौशल विकास कार्यालय में वन स्टॉप फैसलिटि सेंटर का शुभारंभ किया। जिला पंचायत सीईओ श्री चंद्राकर ने कहा कि इस योजना से महिला स्वसहायता समूह को लाभ मिलेगा। इस योजना के लिए 3 विकासखंड राजनांदगांव, डोंगरगांव एवं डोंगरगढ़ चयनित किया गया है। समूह की महिलाओं को व्यवसाय करने के लिए प्रशिक्षण देने की आवश्यकता है। इसके लिए बैंक एवं उद्योग से समन्वय करते हुए प्रशिक्षण दिलवाएं। जिले के स्वसहायता समूह की महिलाएं बहुत अच्छा कार्य कर रही हैं और वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण करते हुए 20 करोड़ रूपए का व्यवसाय कर उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस योजना से एक प्लेटफार्म मिलने पर इसका सुखद परिणाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के साथ ही आजीविका संवर्धन का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाए सुदृढ हो तो परिवर्तन दिखाई देता है। इस योजना का लाभ उठाते हुए बेहतरीन कार्य करें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ ने बेस्ट प्रोफार्मिंग एचीवमेंट के लिए श्रीमती पार्वती को सम्मानित किया।