दीक्षांत समारोह के आयोजन पर विद्यार्थियों ने माना कुलपति का आभार

Posted On:- 2022-06-06



रायपुर (वीएनएस)। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलपति प्रो. बल्देव शर्मा का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह में समय पर उपाधि प्राप्त होना एक सुखद और अविस्मरणीय पल रहा है। कोरोना की विषम परिस्थितियों से उबरकर एक साथ तीन बैच के विद्यार्थियों को उपाधि प्राप्त हुई है। इतनी बड़ी संख्या में सभी विद्यार्थियों को मंच से उपाधि प्राप्त होना इस दीक्षांत समारोह के लिए महत्वपूर्ण रहा है। इसके लिए सभी विद्यार्थियों द्वारा कुलपति प्रो. शर्मा का आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर प्रो. शर्मा ने उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि अब वे देश और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर अपना अपने परिवार और अपने विश्वविद्यालय का नाम रौशन करें। उन्होंने कहा कि अपने जीवन में हमें हमेशा सत्य को आगे बढ़ाने का कार्य करना चाहिए। पत्रकारिता का मूल धर्म देश के विकास में सहयोग करना है। व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर हमें अपने जीवन में आगे बढ़ते रहना चाहिए। इसी से हमें यश और प्रतिष्ठा प्राप्त होगी।

इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के अध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र त्रिपाठी, फैकल्टी सदस्य वर्षा शर्मा, अतुल प्रधान, सहित उपाधि प्राप्त विद्यार्थी आकाश चौबे, रिया शर्मा, कृति शर्मा, अमान खान, राम सोनकर, सोमेश पटेल, प्रमोद साहू, तोरण साहू, विमल कुर्रे, किशन देवांगन, वीना देवांगन, नागेन्द्र, अविनाश मांडले, सौम्या दुबे, ऋषभ, सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।