अमरावती (वीएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा है कि वंशवादी राजनीतिक दल देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बन गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल भारत के विकास की एक नई कहानी लिखी है, बल्कि पिछले आठ वर्षों में देश की राजनीतिक संस्कृति को भी बदल दिया है।
नड्डा ने विजयवाड़ा में भाजपा प्रदेश नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, भाजपा अब देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जबकि कांग्रेस एक भाई-बहन के संगठन में सिमट गई है। भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके पास नेता, नीति, नियत, कार्यक्रम, कार्यकर्ता और वातावरण है।
उन्होंने कहा, नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के कारण राजनीतिक संस्कृति और गुणवत्ता बदल गई है। हम वंशवादी दलों से लड़ रहे हैं, जो देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बन गए हैं। नड्डा ने जम्मू कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां), पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), जनता दल (सेक्युलर), समाजवादी पार्टी (सपा) और अकाली दल जैसी पार्टियों का जिक्र करते हुए कहा, चाहे वे जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल में हों ... वहां या तो बाप-बेटे की पार्टी हैं या बाप-बेटी और बुआ-भतीजा की पार्टी हैं।
नड्डा ने दावा किया कि तथाकथित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस न तो भारतीय है और न ही अब यह ‘राष्ट्रीय’ है क्योंकि यह एक भाई-बहन (राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा) पार्टी में सिमट गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले आठ वर्षों में भारत के विकास की एक नई कहानी लिखी है। उन्होंने कहा कि देश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 112.33 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 233 लाख करोड़ रुपये हो गया है।