नई दिल्ली (वीएनएस)। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि सरकार देश के मछुआरों के हितों की रक्षा के लिए विश्व व्यापार संगठन में बातचीत करेंगे। कल रात केरल के अलपुड़ा जिले के अरूर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित लाभार्थी बैठक में उन्होंने समुद्र में मछलियों की कमी पर चिंता व्यक्त की।
श्री गोयल ने कहा कि समृद्ध देशों के पास गहरे समुद्र में जाने वाली बड़ी नौकाएं हैं जिनसे वैश्विक संकट के लिए बड़ी मात्रा में समुद्र से मछलियां निकाली जाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय मछुआरे मछलियों के प्रजनन के मौसम के दौरान लगभग डेढ़ महीने तक समुद्र से दूर रहते हैं इसलिए उन्हें किसी भी तरह से मछलियों के भंडार में कमी के लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता।
इससे पहले, कोच्चि में राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम की निवेशक बैठक को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्यक्रम परिवर्तनकारी होगा और निवेशकों को इस पहल का फायदा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में अन्य देश भी राष्ट्रीय मास्टर प्लान और बहुविध संपर्क के लिए प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्यक्रम का अनुसरण करेंगे।