आगजनी के बाद जागा परिवहन विभाग, आरटीओ कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे

Posted On:- 2022-06-07



जल्दी ही लगेगा हाई मास्ट लाइट

रायपुर (वीएनएस)। परिवहन विभाग के रायपुर आरटीओ कार्यालय में अब तीसरी आंख नजर रखेगी। आगजनी की घटना के बाद परिसर में निगाह रखने के लिए 4 सीसीटीवी कैंमरे लगाए गए है। साथ ही 24 घंटे सुरक्षा गॉर्ड की तैनाती की गई है। बताया जाता है कि पिछले दिनों दो वाहनों में आगजनी की घटना को परिवहन विभाग मुख्यालय ने गंभीरता से लिया। दोबारा घटना की पुनरावृति रोकने के लिए सीसीटीवी लगाने, सुरक्षा गॉर्ड तैनात करने और हाइमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए थे। वहीं प्रदेशभर के सभी आरटीओ और एआरटीओ में सुरक्षा के प्रबंध करना कहा गया है।

रायपुर आरटीओ शैलाभ साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि आगजनी की घटना को देखते हुए परिवहन विभाग के सभी दफ्तरों में सीसीटीवी लगाने की कवायद चल रही है। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर आरटीओ कार्यालय में कार्यालीन अवधि के बाद बिना अनुमति प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही इसका उल्लंघन करने पर विभागीय अधिकारियों और पुलिस को सूचना देने के निर्देश सुरक्षाकर्मियों को दिए गए है। बता दें कि सभी आरटीओ कार्यालय में कामकाज की पारदर्शिता लाने के लिए दफ्तरों में कैमरे लगाए गए है। लेकिन, परिसर की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। रिकॉर्डिंग की व्यवस्था सीसीटीवी कैमरे से साथ ही उसकी फुटेज को सुरक्षित रखने के लिए साफ्टवेयर फिट किया गया है। साथ ही निगरानी के लिए अलग कक्ष बनाया गया है। यहां महीने भर की रेकॉडिग सुरक्षित रहेगी। नाइट विजन युक्त कैमरे से रात के समय भी आसानी से पूरा इलाका दिखाई देगा। कैमरे लगाए गए आरटीओ कार्यालय परिसर की निगरानी करने के लिए 4 नाइट विजन युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। वही सुरक्षा गॉर्ड की तैनाती की गई है। जल्दी ही परिसर में हाइमास्ट लाइट लगाई जाएगी।