बैंककर्मी को कार से कुचलकर भागी महिला, मौत

Posted On:- 2022-06-07



रायपुर (वीएनएस)। शहर की एक महिला ने युवक को कार से कुचल दिया। युवक कॉलोनी के गेट के पास रखी कुर्सियों पर थोड़ी देर के लिए बैठा था, इसी समय आ रही तेज रफ्तार कार महिला से संभल न सकी और ये हादसा हुआ। इस हादसे में युवक की मौत हो गई है। यह घटना शहर के कबीर नगर इलाके की है।

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में काम करने वाले मृणाल परगनहिया रात के वक्त घर के बाहर टहल रहे थे। थोड़ी देर बाद वह गेट के पास रखी कुर्सियों पर बैठ गए, इतने में चित्रकूट परिसर में रहने वाली महिला वंदना उपवंशी अपनी कार लेकर कॉलोनी से बाहर निकली।

सड़क के मोड़ पर वंदना ने तेज रफ्तार कार मृणाल पर चढ़ा दी। पास खड़े सिक्योरिटी गार्ड ने भागकर अपनी जान बचाई, मगर मृणाल को मौका नहीं मिला। कार बैंककर्मी पर चढ़ गई उसे कुचलते हुए आगे बढ़ गई। बुरी तरह से जख्मी मृणाल की मौके पर ही मौत हो गई। वो 4 महीने पहले ही कांकेर से ट्रांसफर होकर रायपुर आए थे। यहां अपने परिवार के साथ रहते थे परिवार में उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।

अब इस घटना के बाद महिला फरार बताई जा रही है। कबीर नगर थाने की पुलिस ने इस मामले में महिला के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। महिला की तलाश की जा रही है। पूरे हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें साफ दिख रहा है कि कैसे बेकाबू कार ने गेट के पास रखी कुर्सियों को टक्कर मारी। गार्ड ने कैसे अपनी जान बचाई।