उत्तर बस्तर कांकेर (वीएनएस)।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही के लिए कलेक्टर चन्दन कुमार ने अधिकारियों की बैठक ली तथा उन्हें इस संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जो भी घोषणा की गई है अथवा निर्देश दिये गये हैं, उनका पालन सुनिश्चित किया जाये। आवर्ती चराई योजनांतर्गत गौठानों में गोबर की खरीदी एवं अन्य गतिविधियों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए वन विभाग के अमला को प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु वन मण्डलाधिकारी को निर्देश दिये गये। राशन कार्ड संबंधी प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्रता अनुसार हितग्राहियों को राशन कार्ड प्रदान करने के लिए जनपद सीईओ एवं खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया गया। जिले के सभी गौठानों में गोबर की खरीदी सुनिश्चित करने तथा गौ-पालकों का पंजीयन करने और प्रत्येक पखवाड़ा गौठानों में कम से कम 30 क्विंटल गोबर की खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। प्रथम एवं द्वितीय चरण में निर्मित गौठानों में कौन-कौन सी गतिविधि संचालित की जा रही है और उसके अलावा कौन सी गतिविधि संचालित की जा सकती है, के संबंध में प्रस्ताव भेजने के लिए जनपद सीईओ को निर्देश दिये गये हैं, साथ ही लेयर फार्मिंग के लिए उपयुक्त गौठानों की सूची कृषि विज्ञान केन्द्र को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। कलेक्टर चन्दन कुमार ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा कृषि विभाग के उप संचालक को अपने विभागीय अमलों की बैठक कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित करने के लिए निर्देशित किया गया है। कुपोषित बच्चों के उपचार के लिए दुर्गूकोंदल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोषण पुनर्वास केन्द्र (एनआरसी) प्रारंभ करने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया। वन पट्टाधारी कृषकों के जमीन का समतलीकरण कराने तथा सभी वन पट्टाधारी हितग्राहियों को मनरेगा से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिये गये। राजीव युवा मितान क्लब को राशि जारी करने की समीक्षा भी उनके द्वारा की गई तथा स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शाला प्रवेशोत्सव की तैयारी करने और आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को आश्रम-छात्रावासों की मरम्मत कराने के लिए निर्देशित किया गया।