जनदर्शन में मिले 40 से अधिक आवेदन

Posted On:- 2022-06-07



रायपुर (वीएनएस)। कलेक्टर सौरभ कुमार ने मंगलवार 7 जून को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए लोगों की समस्याएं और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को हितग्राहियों के आवेदन पर नियमानुसार लाभांवित करने कहा। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ समय पर दिया जाना सुनिश्चित करें।

जनदर्शन में आज अभनपुर विकासखंड के नहानाचंडी ग्राम के ग्राम वासियों ने गांव के घास भूमि से अवैध कब्जा हटवाने, अछोली की सावित्री पाल ने अपनी पुत्री को राइट टू एजुकेशन के तहत प्रवेश दिलाने के संबंध में, नीलम तिवारी ने अपनी बेटी की शिक्षा के लिए आर्थिक मदद हेतु, ग्राम नगपुरा की निर्मला साहू ने शासन के विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ दिलाने, ग्राम कुकरा के राम कुमार केशरवानी ने गौठान में चौकीदार के पद पर नियुक्त कर मानदेय दिलाने, विकासखंड धरसीवां के ग्राम बनरसी की पोरा बाई ढीढी ने काबीज भूमि पर तोड़फोड़ नहीं करने के संबंध में, कुशालपुर के ओम प्रकाश शर्मा ने बच्चों के भरण पोषण एवं बच्चों की शिक्षा व्यवस्था के संबंध में आवेदन दिया। इसी तरह अन्य नागरिकों ने भी आवेदन दिए। आज हुए जनदर्शन में 40 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर बी सी साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।