विश्‍व बैंक ने रूस-यूक्रेन संघर्ष और अन्‍य कारणों से वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर अनुमान में कमी की

Posted On:- 2022-06-08



नई दिल्ली (वीएनएस)। विश्‍व बैंक ने रूस-यूक्रेन संघर्ष, आपूर्ति श्रृंखला में बाधा और अन्‍य कारणों से वर्ष 2022 के लिए वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर अनुमान में कमी की है। वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था में इस वर्ष दो दशमलव नौ प्रतिशत की दर से वृद्धि का अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है। जबकि पहले चार दशमलव एक प्रतिशत वृद्धि दर का अनुमान था। पिछले वर्ष वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर 5.7 प्रतिशत थी। रिपोर्ट में विश्‍व बैंक ने कहा कि अनेक देश मंदी का सामना कर सकते हैं। वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था के शुरुआती रिकवरी के बाद मंदी से गुजरने की आशंका है। विश्‍व बैंक के अध्‍यक्ष डेविड मालपास ने कहा कि यूक्रेन युद्ध, चीन में लॉकडाउन, आपूर्ति श्रृंखला में व्‍यवधान और मुद्रास्‍फीति की वजह से मंदी का जोखिम, आर्थिक वृद्धि को बाधित कर रहे हैं। ऐसे में अनेक देशों के लिए मंदी को रोक पाना कठिन होगा। विश्‍व बैंक के अध्‍यक्ष ने मूल्‍य नियंत्रण या निर्यात प्रतिबंध जैसे उपायों से मुद्रास्‍फीति पर अंकुश लगाये जाने के खिलाफ आगाह किया। श्री डेविड मालपास ने कहा कि उत्‍पादन को तत्‍काल बढ़ावा देने और व्‍यापार प्रतिबंधों से बचने की जरूरत है।