भारत कतर के साथ अपनी ऐतिहासिक मित्रता और मजबूत करेगा : उपराष्ट्रपति

Posted On:- 2022-06-08



नई दिल्ली (वीएनएस)। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू का गैबॉन, सेनेगल और कतर का दौरा समाप्त हो गया। श्री नायडू ने कहा कि भारत कतर के साथ अपनी ऐतिहासिक मित्रता और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय संपर्क बना रहना चाहिए और कतर के अमीर, तमीम बिन हमद अल थानी को शीघ्र भारत यात्रा पर आना चाहिए। दोनों पक्षों ने 2015 में कतर के अमीर की भारत यात्रा और 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कतर की ऐतिहासिक यात्रा के बाद से दोनों देशों के बीच उच्चतम स्तर पर निरंतर संपर्क बने रहने पर संतोष व्यक्त किया। उपराष्ट्रपति नायडू ने कतर के साथ घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंधों के लिए भारत द्वारा दिए गए उच्च महत्व पर बल देते हुए व्यापार, निवेश, ऊर्जा, खाद्य रक्षा, रक्षा, प्रौद्योगिकी, संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य, दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क और बहुआयामी द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उपराष्ट्रपति की ये पहली कतर यात्रा थी। श्री नायडू शनिवार को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉक्टर भारती प्रवीण पवार और तीन सांसदों- सुशील कुमार मोदी, विजय पाल सिंह तोमर और पी रवींद्रनाथ सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दोहा पहुंचे थे।