रायपुर (वीएनएस)। रायपुर में बुधवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेन्दर सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में खेलों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर सार्थक चर्चा हुई। जल्द रायपुर में प्रोफेशनल बॉक्सिंग मैच होगा जिसमें विजेन्दर सिंह का मुकाबला अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज से होगा। विजेंदर सिंह भारत के ऐसे पहले बॉक्सर हैं जिन्होंने ओलंपिक में कोई पदक जीता है। विजेंदर सिंह ने मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल बॉक्सिंग मैच कराने का आग्रह किया, जिस पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने रायपुर में मैच करने की सहमति दी। इस मैच में विजेंदर सिंह का मुकाबला अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज से होगा। विजेंदर सिंह ने वर्ष 2008 के बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। विजेंदर सिंह ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को बॉक्सिंग ग्लव्स भेंट किए। मुख्यमंत्री ने भी विजेंदर सिंह को राजकीय गमछा और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।