अंबिकापुर (वीएनएस)। पीजी कॉलेज ग्राउंड में सरगुजा संभाग आदिवासियों द्वारा जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले डी लिस्टिंग महारैली का आयोजन किया गया। इसमें हजारों की संख्या में आदिवासी मौजूद रहे। दरसअल देश की 700 से अधिक जनजातियों के विकास एवं उन्नति के लिए संविधान निर्माताओं ने आरक्षण एवं अन्य सुविधाओं का प्रावधान संविधान में किया था। लेकिन उन सुविधाओं का लाभ उन जनजातियों के स्थान पर वे लोग उठा रहे हैं जो अपने जनजाति संस्कृति, रुढ़िवादी परंपरा छोड़कर ईसाई या मुस्लिम बन गए हैं। इसी को देखते हुए जनजाति समाज को उनका हक और अधिकार दिलाने के लिए जनजाति सुरक्षा मंच ने धर्मान्तरित जनजाति व्यक्तियों को अनुसूचित जनजाति की सूची से बाहर किया जाए एवं संयुक्त संसदीय समिति की रिपोर्ट 10 जुलाई 1967 की सिफारिश को लागू कर अनुच्छेद 342 में संशोधन करके अनुसूचित जनजाति का आरक्षण समाप्त किया जाए के आशय से संपूर्ण देश में जनजागरण करते हुए प्रत्येक जिले में जिला सम्मेलन एवं महारैली का आयोजन किया गया। रैली में सभी जनजाति सगा समाज के बंधु भगिनी को बड़ी संख्या में एकजुट होकर अपने हक अधिकार की लड़ाई को आने वाले समय मे पुरजोर से उठाने की बात कही है।