खाद के अग्रिम उठाव के लिए समितियों में जुटने लगे किसान

Posted On:- 2022-06-09



0अब तक 5713 टन उर्वरक का किया गया वितरण अम्बिकापुर(वीएनएस)।खरीफ सीजन की खेती की तैयारी के लिए जिले के किसान सक्रिय हो गए है। खाद के अग्रिम उठाव के लिए सहकारी समितियों में जुटने लगे है और आवश्यकतानुसार खाद-बीज उठा रहे है। जिले के सहकारी समितियों द्वारा अब तक 5713 टन रासायनिक खाद का वितरण किया गया है तथा 16 हजार 52 किसानों को 42 करोड़ 18 लाख रुपये ऋण दिया गया है। इस खरीफ सीजन में 22 हजार 500 टन उर्वरक का लक्ष्य है जिसके विरुद्ध अब तक 10 हजार 388 टन भंडारण हुआ है। सहकारी समिति अमेरा में खाद लेने आये ग्राम सलका के किसान तेजू राम, श्री गुरुचरण, गणेशपुर के नेतु राम ने बताया कि यूरिया, इफको खाद आसानी से मिल रहा है। किसान न्याय योजना की राशि मिलने से खाद के अग्रिम उठाव में मदद मिल रही है। कई किसानों ने केसीसी बनवाने भी आये थे। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने कृषि विभाग व सहकारी समिति के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सहकारी समितियों में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराएं। किसानों को खाद-बीज लेने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।