राशन कार्ड मिलने से मेघबती की दूर हुई राशन की चिंता

Posted On:- 2022-06-09



उत्तर बस्तर कांकेर (वीएनएस)।दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम चाउरगांव निवासी मेघबती पति तिलक पुन्गाटी को नया राशन कार्ड मिलने से उनके परिवार के लिए राशन की चिंता दूर हो गई है। मेघबती ने 3 जून को दुर्गूकोंदल में आयोजित भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान राशन कार्ड की मांग करते हुए मुख्यमंत्री श भूपेश बघेल को अपनी समस्या से अवगत कराई। मुख्यमंत्री द्वारा कलेक्टर श्री चन्दन कुमार को हितग्राही के लिए राशन कार्ड बनवाने के निर्देश दिये गये। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मेघबती ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके परिवार में 9 सदस्य एक साथ रहते थे, सभी सदस्यों का नाम एक राशन कार्ड में दर्ज था, अब हम पति-पत्नी अलग निवास कर रहे हैं तथा मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजर-बसर कर रहे हैं, हमेशा आर्थिक तंगी बनी रहती है। उनके आवेदन पर कार्यवाही करते हुए मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कलेक्टर श्री चन्दन कुमार को हितग्राही के लिए नया राशन कार्ड बनवाने के निर्देश दिये। उनके निर्देश पर खाद्य विभाग अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्यवाही कर श्रीमती मेघबती के लिए नया राशन कार्ड बनाकर वार्ड पंच के हाथों मेघबती को राशन कार्ड प्रदान किया गया। नया राशन कार्ड मिलने पर खुश होते हुए मेघबती ने कहा कि यह उसके लिए बड़ी राहत है। राशन कार्ड मिलने से उसके घर की राशन संबंधी चिंता दूर हो गई है, अब मुझे भी उचित मूल्य दुकान से राशन मिलेगा। सस्ते दाम पर राशन मिलने से पैसों की बचत भी होगी।