संभागायुक्त ने गुरूर अनुविभाग के विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण

Posted On:- 2022-06-09



कार्यालय में अनुपस्थित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

बालोद (वीएनएस)। संभागायुक्त दुर्ग संभाग महादेव कावरे ने गुरूर अनुविभाग के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कर्मचारी कु.सुरभि लकड़ा अनुपस्थित पाई गई, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त कावरे ने कार्यालय निरीक्षण के दौरान सभी शाखाओं में कर्मचारियों के टेबल पर नेम प्लेट रखे होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में प्रकरणों का अवलोकन किया। जिसमें 152 प्रकरण लंबित पाए गए, लंबित प्रकरणों के अवलोकन के दौरान उन्होंने प्रकरणों में सभी पृष्ठ पर प्रकरण क्रमांक अंकित करने के निर्देश दिए। तहसील कार्यालय गुरूर में निरीक्षण के दौरान 196 प्रकरण लंबित पाए जाने पर कावरे ने नाराजगी व्यक्त की और लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने तहसीलदार न्यायालय के सत्रह सौ प्रकरणों को रिकॉर्ड रूम में जमा करने हेतु शेष पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

अधिवक्ताओं एवं आमजनों से की भेंट - संभागायुक्त कावरे ने तहसील कार्यालय गुरूर में अधिवक्ताओं से भेंट की एवं न्यायालय की कार्यवाही के संबंध में चर्चा की। अधिवक्ताओं ने कार्यवाही से संतुष्ट होना बताया। संभागायुक्त ने आमजनों से भेट के दौरान ग्राम कंवर के निवासी मंगतू द्वारा बंदोबस्त सुधार का आवेदन दिया गया, जिस पर कावरे ने तहसीलदार गुरूर को 07 दिवस के भीतर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त कावरे ने उप पंजीयक कार्यालय गुरूर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी उप पंजीयक श्रीमती रश्मि सोनी को गुरूर क्षेत्र के नागरिकों को पंजीयन में आ रही समस्या को दूर करने के निर्देश दिए। संभागयुक्त ने लोक सेवा केन्द्र में समस्त प्राप्त आवेदनों पर समयावधि के भीतर आवश्यक रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त कावरे ने वर्षामापी केंद्र को व्यवस्थित एवं साफ सफाई रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एस.डी.एम. श्रीमती रश्मि वर्मा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।