
कोण्डागांव (वीएनएस)। कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम ने शुक्रवार को चलका ग्राम के मांझीपारा को चौड़ंग से जोड़ने वाली 3.44 करोड़ लागत से निर्मित स्टॉप डैम सह पुलिया का लोकार्पण किया। उल्लेखनीय है कि जिला निर्माण समिति द्वारा बनाये गये इस स्टॉप डैम सह पुलिया का वर्ष 2019 में निर्माण प्रारंभ किया गया था। जिसका विधायक द्वारा चलका पहुंच परम्परा अनुसार विधि विधान से पूजा अर्चना कर लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर श्री मरकाम ने कहा कि शासन द्वारा प्रत्येक व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ देने का प्रयास किया जा रहा है। इस स्टॉप डैम सह पुलिया के बन जाने से यहां के आस-पास के किसानों को वर्ष भर कृषि एवं पीने हेतु जल प्राप्त होने के साथ वर्षा ऋतु में नदी में पानी भर जाने से गांव में यातायात में होने वाली असुविधा से भी मुक्ति मिलेगी। जिससे गांव वालों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भगवती पटेल, सांसद प्रतिनिधि दशरथ नेताम, विधायक प्रतिनिधि बुधराम नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।