वर्दी धुलाई राशि की मांग को लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मियों ने सिंचाई विभाग का दफ्तर घेरा

Posted On:- 2022-06-10



धमतरी (वीएनएस)। जिले के सभी जल संसाधन विभाग के कार्यालयों में पदस्थ चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों को वर्दी की धुलाई, सिलाई राशि नहीं मिल पा रहा है। इस मांग को लेकर कर्मचारियों ने दफ्तरों का घेराव किया।

धमतरी जिले के अंतर्गत जल संसाधन विभाग के अनेक दफ्तर संचालित है जहां करीबन सात सौ चतुर्थ वर्ग कर्मचारी पदस्थ है। इन्हें शासन से वर्दी, वर्दी की सिलाई एवं धुलाई के लिए शासन से राशि मिलता है। पिछले तीन सालों से इन कर्मचारियों को धुलाई की राशि अप्राप्त है। कर्मचारियों का कहना है कि शासन द्वारा प्रतिमाह धुलाई की राशि 75 रूपये मिलना चाहिए। लेकिन यह राशि नहीं मिल पा रही है। अधिकारी उनके धुलाई, सिलाई की राशि दिलाने को लेकर गंभीर नहीं है। कर्मचारियों को रेनकोट, लांग बूट, टार्च भी नहीं मिल पा रहा है। भाठागांव के जल संसाधन विभाग का आफिस जर्जर है। मूत्रालय, शौचालय नहीं है। कोंडागांव गेट जाम पड़ा हुआ है। चतुर्थ कर्मचारियों से ऑपरेटर का काम लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्दी खरीदी की समिति में कर्मचारी को भी रखा जाना चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। 8 किमी दूरी से आफिस पहुंचने वाले चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों को यात्रा भत्ता दिया जाना चाहिए। लेकिन इसका भी लाभ नहीं मिल पार रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया तो प्रमुख अभियंता कार्यालय रायपुर का घेराव करने जाएंगे। इसके बावजूद मांग पूरी नहीं हुई तो 17जून से कोई भी चतुर्थ वर्ग कर्मचारी काम पर नहीं जायेगा। कर्मचारियों ने बताया कि बांध क्रमांक 1, 2, विद्युत यांत्रिकी विभाग, एसी कार्यालय में पहुंचकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। जिसमें प्रमुख रूप से चतुर्थ वर्ग कर्मचारी नेता योगेन्द्र राजपूत, इंद्रजीत, रविदास मानिकपुरी, केशव साहू, दुलीचंद, समारिन बाई नायक, दीनाराम साहू, मानक ठाकुर, बसंत साहू, घनश्याम सिंह, संतराम, खिलावन, रामबाई, इंद्राणी, रजनू धु्रव के अलावा अन्य कर्मचारी मौजूद थे। कर्मचारियों की मांगों को लेकर पूछे जाने पर बांध संभाग क्रमांक 2 के कार्यपालन अभियंता एमडी महंत ने बताया कि 19-20 एवं 21-22 का मांग पत्र शासन को भेजा गया है। राशि मिलने पर आबंटित किया जायेगा।