ग्रामीणों के लिए लाभकारी रहा बीजागोंड़ का जनचौपाल शिविर

Posted On:- 2022-06-10



शिविर में 181 आवेदनों का मौके पर निराकरण

बेमेतरा (वीएनएस)। जिले के विकासखण्ड साजा के अंतर्गत ग्राम बीजागोंड़ में आज आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में मांग एवं शिकायत के कुल 243 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें से 181 आवेदन का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष 62 लंबित आवेदनों के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई। सर्वाधिक आवेदन जनपद पंचायत साजा को 83 एवं दूसरे क्रम पर राजस्व विभाग को 65 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व विभाग द्वारा 15 किसानों का नामांतरण आदेश जारी किया गया साथ ही 5-5 किसानों को बंटवारा आदेश एवं ऋण पुस्तिका शिविर स्थल में ही प्रदान की गई।

कलेक्टर विलास भोसकर संदीपान के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर डॉ. अनिल बाजपेयी एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व साजा धनराज मरकाम ने आम लोगों की समस्याएं सुनी एवं विभागीय अधिकारियों को आवेदनों के निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर में कृषि, उद्यानिकी, खाद्य, स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन विभाग, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, मत्स्य, महिला बाल विकास, विद्युत, श्रम, जिला अंत्यावसायी एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों ने विभाग द्वारा संचालित शासन की योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दिए।

अपर कलेक्टर डॉ. बाजपेयी ने अधिकारियों को लंबित आवेदनों का निराकरण समय-सीमा के भीतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निराकृत प्रकरणों के संबंध में अधिकारी आवेदकों को भी सूचित करना सुनिश्चित करें। कार्यपालन अभियंता साजा छ.ग.रा.वि.वि.क. डी. के. रात्रे ने बताया कि साजा क्षेत्र के ग्राम देउरगांव एवं ढाप में 33/11 केव्ही का विद्युत उपकेन्द्र निकट भविष्य में चालू हो जायेगा जिससे लो वोल्टेज की समस्या काफी हद तक दूर हो जायेगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों को निःशुल्क दवा वितरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के प्रारंभ में अधिकारियों ने विभाग द्वारा संचालित शासन की योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी से ग्रामीणों को अवगत कराये। जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित पुस्तक, पॉम्प्लेट एवं जनमन का निःशुल्क वितरण किया गया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ कु. कांति धु्रव, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि संतोष वर्मा, जनपद पंचायत सदस्य गौतम वर्मा, सरपंच बीजागोंड़ ईश्वर वर्मा, सरपंच सुवरतला अजय वर्मा सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे। हितग्राही हुए लाभान्वित-ग्राम दहीमही के तेजकरण, तेंदुआ के गजानंद वल्द फिरन को बंटवारा का दस्तावेज प्रदान किया गया। इसी तरह ग्राम गड़वा के नारायण को किसान किताब (ऋण पुस्तिका) का वितरण किया गया।