धमतरी (वीएनएस)। त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत जिले में होने वाले उपचुनावों की प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में जिले के लिए नियुक्त प्रेक्षक निधि साहू ने आज जिले के सिवनीखुर्द मतदान केन्द्र का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पहले, उन्होंने जनपद पंचायत कुरूद में सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की बैठक लेकर मतदान केन्द्रों की जानकारी ली तथा सभी मतदान केन्द्रों में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर लाइजनिंग ऑफिसर शैलेन्द्र गुप्ता तथा संबंधित अधिकारी मौजूद थे।