धमतरी (वीएनएस)। महानदी के किनारे बसे ग्राम कोलियारी के ग्रामीण इन दिनों निस्तारी एवं पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। परेशान ग्रामीण पंचायत प्रतिनिधियों के साथ रूद्री बैराज से महानदी में निस्तारी के लिए पानी छोडऩे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
महानदी के किनारे बसे ग्राम कोलियारी की जनसंख्या लगभग 35 सौ है। सरपंच कमलनारायण सोनकर ने बताया कि महानदी में भीषण गर्मी के चलते बूंदभर पानी नहीं है। महानदी सूखने से गांव में भूमिगत जलस्तर भी काफी नीचे चला गया है। मोटरपंप भी अब जवाब देने लगा है। बीते सालों में महानदी में पानी रहने से ग्रामीणों को निस्तारी की समस्या नहीं होती थी लेकिन इस वर्ष महानदी के सूख जाने से ग्रामीणों के साथ साथ पशुओं को भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। जबकि ग्राम कोलियारी सहित करेठा, अमेठी, कलारतराई सहित महानदी के किनारे बसे गांवों के लिए निस्तारी का मुख्य साधन महानदी ही है। यदि शासन प्रशासन द्वारा महानदी में निस्तारी के लिए रूद्री बैरॉज से पानी छोड़ा जाता है तो ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। पानी छोडऩे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचने वालों में सरपंच कमलनारायण सोनकर, भारती, लता साहू, सावना बाई, लक्ष्मीण, अंजनी बाई, बिंदु, संतरी बाई, जागेश्वरी, पूर्णिमा, धात्री यादव, खोरबाहरिन बाई, परबत बाई, कोमिन, प्रेमीन साहू, आहिल्या, दुलारी बाई, हेमूराम साहू, खिलेश्वरी बाई आदि शामिल रहे।