प्रेम विवाह को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, एक की मौत...

Posted On:- 2022-06-11



बड़वानी (वीएनएस)। मध्यप्रदेश के बड़वानी में प्रेम विवाह के मामले में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इसके बाद संघर्ष के बाद जिला अस्पताल में शुक्रवार रात जमकर हंगामा भी हो गया। मामला बिगड़ने पर कोतवाली पुलिस सहित एसडीओपी को मोर्चा संभालना पड़ा।

दरअसल शहर के रैदास मार्ग पर युवक युवती के मामले को लेकर एक ही समाज के दो परिवारों में जमकर संघर्ष हुआ। इस दौरान हाथापाई के साथ चाकूबाजी की घटना हो गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। वहीं उसका चचेरा भाई बुरी तरह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया।

मृतक के भाई आर्यन ने बताया कि राजपुर निवासी उसके चचेरे भाई ने समाज के ही एक परिवार की लड़की से दो दिन पूर्व प्रेम विवाह किया था। इसके बाद लड़की पक्ष के लोगों ने उसके भाई और माता के साथ जमकर मारपीट कर दी। वहीं इस दौरान लड़की पक्ष के लोगों ने चाकू से हमला कर दिया इसमें उसके सगे भाई की मौत हो गई और चचेरा भाई बुरी तरह जख्मी हो गया। रात के 11 बजे तक भी परिजन शव को लेकर पीएम रूम के बहार ही खड़े रहे। परिजन मांग कर रहे है कि हत्यारों को तत्काल पकड़कर थाने लाया जाए।