धमतरी शहर में शांति , सौहार्द्र और भाईचारे का माहौल बनाए रखें : कलेक्टर-एसपी

Posted On:- 2022-06-11



धमतरी (वीएनएस)। धमतरी शहर में शांति, सौहार्द्र और आपसी भाईचारे का माहौल बनाए रखें। सभी समाज के लोग आपसी समझाइश सलाह मशविरा से शहर के वातावरण को सकारात्मक रखें। कलेक्टर पी.एस. एल्मा और पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने 11 जून को बैठक लेकर इस संबंध में सभी समाज, धर्म और वर्ग के लोगों से अपील की। साथ ही सभी को समझाइश दी कि किसी भी स्थिति में कानून कोई अपने हाथ में ना लें। कलेक्टर ने साफ तौर पर कहा कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई होगी। इस मौके पर महापौर विजय देवांगन ने सभी वर्ग के लोगों से अपील की कि शहर का माहौल सौहार्द्रपूर्ण रहे इसके लिए सभी धर्म/वर्ग को प्रयास करना होगा।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज दोपहर साढ़े 12 बजे से आहूत इस शांति समिति की बैठक में विभिन्न समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, शहर के नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे। शहर का माहौल शांतिपूर्ण रहे इसके लिए विभिन्न समाज के प्रतिनिधियों ने बैठक में अपनी सलाह भी दी। आज की शांति समिति की बैठक में दीपक लखोटिया, कविंद्र जैन, महेंद्र पंडित, सूर्या राव पवार, दिलावर रोकड़िया, वसीम कुरैशी, सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने अपने सुझाव दिए। सभी ने एक मत होकर कहा कि शहर का माहौल शांति और भाईचारे का रहे, इसके लिए सभी सहयोग और पुरजोर कोशिश करेंगे। बैठक में शरद लोहाना,श्री मोहन लालवानी सहित अन्य गणमान्य नागरिक, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पॉल, एडीएम ऋषिकेश तिवारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व धमतरी डॉ. विभोर अग्रवाल, कुरूद कृपाल आदि उपस्थित रहे।