धमतरी (वीएनएस)। शनिवार की सुबह एक काले रंग के पागल कुत्ते ने चमेली चौक से लेकर सिहावा चौक तक 8 लोगों को अपना शिकार बनाया। घायल लोग इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। इस बीच दहशत का माहौल रहा।
शनिवार को चमेली चौक में एक पागल कुत्ते ने लोगों को काटना शुरू कर दिया। सबसे पहले उसने मतलूब खान को अपना शिकार बनाया। जब घायल मतलूब ने उसे भगाया तो वह घड़ी चौक की ओर बढ़ गया, जहां पर रोजाना काम के सिलसिले में पहुंचने वालों को शिकार बनाया। इसके बाद वहां से भागता हुआ कुत्ता सिहावा चौक की तरफ पहुंच गया। जहां जो मिला उसे ही काट खाया और कहीं दूसरी ओर भाग खड़ा हुआ। चमेली चौक में मतलूब खान, घड़ी चौक में मूलचंद साहू ग्राम देवपुर, विनय कुमार ग्राम पोटियाडीह, सिहावा चौक में भावेश आमापारा, मोहम्मद इलियास खोखर, अवनेंद्र ठाकुर बठेना,प्रहलाद रजक और तुषार यादव शामिल हैं। इस बीच कुछ लोगों ने इसकी सूचना नगर निगम को भी दी। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक कुत्ते को नहीं पकड़ा गया था। ज्ञात हो कि धमतरी नगर निगम क्षेत्र में कुत्तों की दहशत कोई नई बात नहीं है। लगभग हर गली में कुत्तों का झुंड देखा जा सकता है, जिससे लोग भयभीत रहते हैं लेकिन इस मामले में अब तक निगम द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई है।