धमतरी (वीएनएस)। जिला चिकित्सालय में पदस्थ चिकित्सकों को जेनेरिक दवाई के अलावा अन्य कोई भी ब्रांडेड दवाई नहीं लिखने का स्पष्ट आदेश दिया गया है। लिखने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है, बावजूद इसके कुछ चिकित्सकों की पर्ची में ब्रांडेड दवाई बाहर के मेडिकल के लिए दिखाई देने लगी है।
जिला चिकित्सालय में मौजूद चिकित्सकों को आदेश है कि अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों के अलावा अन्य कोई भी दवाई उन्हें नहीं लिखना है। इसके बावजूद कुछ चिकित्सक पर्ची में बकायदा महंगी ब्रांडेड दवाइयां लिख रहे हैं, जिससे मरीज परेशान हैं। जबकि अन्य कंपनी में वही दवाई अस्पताल में उपलब्ध हो जाती है। मरीजों को दवाइयां सस्ती मिले इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जेनरिक मेडिकल स्टोर खोले गए हैं ताकि मरीजों पर आर्थिक बोझ न पड़े।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ कौशिक ने बताया कि जिला अस्पताल के सभी चिकित्सकों को दो बार सर्कुलर भेजा जा चुका है कि वह अस्पताल में उपलब्ध जेनरिक दवाई के अलावा अन्य कोई भी ब्रांडेड दवाइयां ना तो अस्पताल के पर्ची में और ना ही कोई अन्य पर्ची में लिखेंगे और ना ही किसी मेडिकल में जाने के लिए बाध्य करेंगे। यदि ऐसी शिकायत आती है तो वह कार्यवाही के लिए तैयार रहें। जिला अस्पताल में 223 दवाइयों की सूची है जिसमें से लगभग 200 दवाइयां उपलब्ध है। इसमें आईपीडी, ओपीडी दोनों शामिल हैं।