कोरोना अपडेट : 24 घंटे में 8 हजार से ज्यादा नए मामले, एक्टिव केस 44 हजार के पार...

Posted On:- 2022-06-12



नई दिल्ली (वीएनएस)। देश में कोरोना के नए मामलों में एक बार फिर इजाफा देखने को मिला है। देश में कोरोना के बढ़ते मामले अब डराने लगे हैं। बीते 24 घंटों में 8582 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार को इस दौरान कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 4435 रही है। हालांकि कोरोना से मरने वालों की संख्या में कमी आई है। पिछले 24 घंटों में 4 लोगों ने कोरोनावायरस से जान गंवाई है।

कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी एक बार फिर लोगों को डराने लगी है। इस बीच कोरोना के एक्टिव मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटों में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या में 4143 का इजाफा हुआ है। अब कुल एक्टिव मामलों की संख्या 44513 हो गई है।

मंत्रालय के अनुसार, दैनिक सकारात्मकता (पोजिटिविटी) दर 2.71 फीसद दर्ज की गई है। जबकि साप्ताहिक सकारात्मकता दर भी 2.02 फीसद पर पहुंच गई है। वहीं बीमारी से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 4,26,52,743 हो गई, जबकि मृत्यु दर 1.21 फीसद रही। इसी के साथ देश में चल रहे कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के तहत अब तक कुल 195.07 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन डोज लग चुकी है।

कल भी कोरोना के मामलों में बड़ा इजाफा देखने को मिला था। कल कोरोना के 8,329 नए मामले सामने आए थे। इस दौरान 4,216 लोग कोरोना से ठीक हुए थे और 10 लोगों की इस बीमारी मौत हुई थी।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार बीते दिन राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में भी कोरोना के मामलों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिल्ली में कोरोना के 795 नए मामले मिले जबकि महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना के 2,922 नए केस दर्ज किए गए। महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना के 3,081 नए मामले सामने आए थे जो पिछले चार महीने में सबसे ज्यादा केस थे।