कवर्धा (वीएनएस)। लोगों की मांग, शिकायत और समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा आगामी 13 जून सोमवार को बोडला विकासखण्ड के तरेगांव जंगल में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के वन,परिवहन, आवास, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर इस जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होंगे। मंत्री अकबर शिविर में शामिल सभी आवेदकों से वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे और संबंधित विभाग के अधिकारियों को उनके आवेदन पर होने वाली कार्रवाही, निराकरण की स्थिति से अवगत भी कराएंगे। मंत्री अकबर हितग्राहियों को ड्राइविंग लाइसेंस तथा रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट का भी वितरण करेंगे।
कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने बोडला अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पीसी कोरी और जनपद पंचायत सीईओ को जिला स्तरीय निवारण शिविर की आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने बताया कि शिविर में आवेदनों की सुविधा के लिए शिविर स्थल पर पंजीयन कक्ष भी बनाएं जाएंगे। आवेदन पंजीयन कक्ष के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। शिविर में सभी जिला स्तरीय विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों मे संचालित जनकल्याणकारी योजनाओ व कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी। उन योजनाओं का लाभ ग्रामीणजन कैसे ले सकते है या लाभ के लिए कहा-कहा आवेदन करने होंगे यह भी जानकारियां दी जाएगी।
कलेक्टर शर्मा ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के अपने-अपने स्टॉल लगाने और उपस्थित होने के निर्देश भी दिए है। प्राप्त आवेदनों को निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया जाएगा। शिविर में बोडला विकासखण्ड के ग्राम दलदली, तरेगांव, बैजलपुर और मड़मड़ा क्षेत्र ग्रामीणजन शामिल होकर आपना आवेदन दे सकते है।
उल्लेखनीय है कि सहसपुर लोहारा विकासखण्ड के सूदूर वनांचल ग्राम सिंघनपुरी जंगल में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा चुका है।