नई दिल्ली (वीएनएस)। भारतीय ग्रैंड मास्टर प्रज्ञानानंद ने नॉर्वे शतरंज के टूर्नामेंट के ग्रुप ए का खिताब जीत लिया। उन्होंने नौ दौर के मुकाबले में साढ़े सात अंक हासिल किये। शीर्ष वरीयता प्राप्त प्रज्ञानानंद सभी नौ दौर में अविजित रहे। उन्होंने एक अन्य भारतीय अंतर्राष्ट्रीय मास्टर वी प्रणीत को शिकस्त देकर यह खिताब जीता। प्रतियोगिता में इजराइल के अंतर्राष्ट्रीय मास्टर मार्सेल एफ्रोइम्स्की और स्वीडन के जंग मिन सेओ दूसरे स्थान पर रहे।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रज्ञांनानंद को इस जीत पर बधाई दी। ट्वीट संदेश में स्टालिन ने कहा कि चेन्नई के इस खिलाड़ी ने विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन को दो बार हराकर और अब नॉर्वे में खिताब जीतकर पूरे देश को गौरवांवित किया है।