लखनऊ (वीएनएस)। केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री तथा युवा कार्य और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि स्वच्छ भारत स्वस्थ और सशक्त भारत के लिए मूल मंत्र है। लखनऊ में भारतीय खेल प्राधिकरण के खिलाड़ियों और नेहरू युवा केन्द्र के सदस्यों को संबोधित करते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि ऐसे समय में जब भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, हमें खेल संस्कृति और स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता बढ़ानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को हर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। युवा कार्य और खेल मंत्री ने हजरतगंज से फिट इंडिया, क्लीन इंडिया रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद वे लखनऊ के के.डी.सिंह बाबू स्टेडियम में भारतीय खेल प्राधिकरण और नेहरू युवा केन्द्र के समारोह में शामिल हुए। स्वच्छता के महत्व पर बल देते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि एनडीए सरकार द्वारा शुरू किये गए स्वच्छता अभियान से देश में बहुत बदलाव आया है और साफ-सफाई के प्रति लोगों का नजरिया बदला है।