कोयले से लदी मालगाड़ी की बोगी में लगी आग...

Posted On:- 2022-06-13



भिलाई (वीएनएस)। कोयले से भरी बोगी में आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही आधी रात को मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने बोगी पर चढ़कर आग पर काबू पाया।

देश में मची कोयले की किल्लत के बीच दिन-रात कोयले का रेल की बोगियों के जरिए विद्युत संयंत्रों तक परिवहन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर से नागपुर की ओर जा रही कोयले से लदी ट्रेन की बोगी से धुआं उठते देखा गया। ट्रेन को भिलाई रेलवे स्टेशन में रोकने के साथ तत्काल दुर्ग अग्निशमन व आपातकालीन सेवा को फोन किया गया। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने बोगी पर चढ़कर कोयले में पानी डाल आग को बुझाया। बचाव कार्य में अग्निशमन कर्मी धनु यादव, संतोष मढरिया, नरोत्तम टंडन, रामनाथ कुर्रे शिद्दत से जुटे रहे। धुआं निकलना बंद होने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।